प्राइवेसी पॉलिसी
योजना चेक को आपके बारे में क्या पता चलता है (बहुत कम), हम किन कंपनियों की सर्विस लेते हैं, और आप क्या कर सकते हैं।
इस पेज पर लिखा है कि yojanacheck.com को आपके बारे में क्या पता चलता है, और हम उसका क्या करते हैं। वेबसाइट PAV Technologies नाम की कंपनी की है। पता: Amrapali Circle, Vaishali Nagar, Jaipur, Rajasthan 302021, India। कोई सवाल हो, तो contact@yojanacheck.com पर ईमेल करें।
सीधी बात
- टूल और सारे पेज बिना अकाउंट बनाए चलते हैं। हम आपका नाम, फ़ोन नंबर, आधार, बैंक खाता या राशन कार्ड नंबर कभी नहीं माँगते।
- टूल आपके फ़ोन या कंप्यूटर पर ही चलता है। परिवार के बारे में आप जो भरते हैं, वह हमारे पास नहीं आता।
- हमारे पेजों पर कोई ऐड नहीं है। कोई ऐसा सॉफ़्टवेयर भी नहीं, जो गिने कि कौन क्या पढ़ रहा है। और हम आपके फ़ोन में कोई कुकी नहीं रखते (कुकी क्या है, नीचे लिखा है)।
- हम किसी की जानकारी नहीं बेचते, और ऐड के लिए किसी को नहीं देते।
टूल आपके फ़ोन पर ही चलता है
आप परिवार के लोगों की उम्र, कमाई, ज़मीन या राशन कार्ड जैसी जो बातें भरते हैं, उनसे जवाब आपके फ़ोन या कंप्यूटर पर ही बनता है। ये बातें हमारे पास नहीं आतीं, और कहीं सेव नहीं होतीं। पेज बंद करते ही ये मिट जाती हैं।
पर्ची निकालते समय आपका फ़ोन आपके चुने राज्य की योजनाओं की फ़ाइल हमसे माँगता है। इससे हमें बस इतना पता चलता है कि किस राज्य की फ़ाइल माँगी गई। आपके परिवार की कोई बात इसमें नहीं आती।
हमें क्या पता चलता है
आप कोई भी वेबसाइट खोलें, आपका फ़ोन उसे कुछ बातें अपने-आप भेजता है: आपका IP एड्रेस (इंटरनेट पर आपके कनेक्शन का पता), आपका ब्राउज़र कौन-सा है, आपने कौन-सा पेज खोला, और आप किस पेज से आए। हम ये बातें सिर्फ़ पेज दिखाने और वेबसाइट को सेफ़ रखने में इस्तेमाल करते हैं।
जैसे, वेबसाइट चलाने वालों के लॉग-इन पेज पर किसी एक IP एड्रेस से छह बार ग़लत पासवर्ड डाला जाए, तो उस एड्रेस को 15 मिनट के लिए रोक दिया जाता है। इससे कोई पासवर्ड का अंदाज़ा लगाकर अंदर नहीं घुस पाता।
हमारा सर्वर (वह कंप्यूटर, जिस पर वेबसाइट चलती है) यह नहीं लिखता कि कौन किस पेज पर आया। हाँ, जब कोई पेज खुलने में गड़बड़ होती है, तो उसका रिकॉर्ड रहता है: IP एड्रेस, कौन-सा पेज माँगा गया, और फ़ोन ने क्या भेजा। यह गड़बड़ ठीक करने के लिए है। यह रिकॉर्ड ज़्यादा से ज़्यादा 14 दिन में अपने-आप मिट जाता है।
हम किन कंपनियों की सर्विस लेते हैं
- DigitalOcean: हमारा सर्वर इसी कंपनी का है, और बेंगलुरु में है।
- Cloudflare: यह कंपनी वेबसाइट को आप तक पहुँचाती है और हमलों से बचाती है। आप जो भी पेज खोलते हैं, वह Cloudflare से होकर आता है। इसके लिए Cloudflare आपका IP एड्रेस इस्तेमाल करती है। Cloudflare की स्क्रीन पर हमें कुल विज़िट दिखती हैं, और कुछ-कुछ विज़िट की जानकारी भी: IP एड्रेस, देश, ब्राउज़र और खोला गया पेज। Cloudflare यह जानकारी लगभग एक महीने तक रखती है।
इसके अलावा हमारे पेज किसी दूसरी कंपनी से कुछ नहीं लाते। न ऐड, न गिनती करने वाला सॉफ़्टवेयर, न सोशल मीडिया के बटन, न बाहर के फ़ॉन्ट। (Cloudflare वेबसाइट को सेफ़ और तेज़ रखने के लिए जो जोड़ती है, वह अलग है।) सरकारी वेबसाइटों के लिंक आपको उन्हीं वेबसाइटों पर ले जाते हैं। उनकी अपनी प्राइवेसी पॉलिसी होती है।
कुकी
कुकी एक छोटी फ़ाइल होती है, जो वेबसाइट आपके फ़ोन में रख देती है। योजना चेक पढ़ने वालों के फ़ोन में कोई कुकी नहीं रखता, और न ही कुछ और सेव करता है।
वेबसाइट चलाने वाले लोग जब लॉग-इन करते हैं, तो उन्हें WordPress की लॉग-इन कुकी मिलती है। Cloudflare सिक्योरिटी के लिए कोई ज़रूरी कुकी रख सकती है, जैसे यह पहचानने के लिए कि सामने इंसान है या कोई मशीन। वह ऐड दिखाने या आपका पीछा करने के लिए नहीं है।
अगर आप हमें ईमेल करते हैं
आपका ईमेल और आपकी बात हम सिर्फ़ आपको जवाब देने और आपकी बताई बात पर काम करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। हम आपको किसी ईमेल लिस्ट में नहीं डालते। अपना आधार, बैंक खाता, राशन कार्ड या कोई सरकारी डॉक्यूमेंट न भेजें। हमें इनकी ज़रूरत नहीं है।
बच्चे
यह वेबसाइट सबके लिए है, ख़ास बच्चों के लिए नहीं। हम जानबूझकर बच्चों से कोई जानकारी नहीं लेते।
आप क्या कर सकते हैं
आप पूछ सकते हैं कि हमारे पास आपकी क्या जानकारी है। आम तौर पर यह बस आपके भेजे ईमेल होते हैं। आप उन्हें ठीक करने या मिटाने को भी कह सकते हैं। इसके लिए contact@yojanacheck.com पर ईमेल करें।
अगर कुछ बदला
अगर हम जानकारी रखने का तरीक़ा बदलेंगे, तो यह पेज भी बदलेंगे। अगर कभी ऐड, गिनती करने वाला सॉफ़्टवेयर या ईमेल लिस्ट शुरू हुई, तो यह पेज उसके शुरू होने से पहले बताएगा।